Breaking News
Sat. Feb 7th, 2026

उड़ीसा से हो रहे अवैध धान परिवहन पर कसा शिकंजा लैलूंगा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तहसीलदार की मौजूदगी में JCB से गुप्त मार्ग ध्वस्त

शेयर करें

29/11/2025. उड़ीसा से हो रहे अवैध धान परिवहन पर कसा शिकंजा

लैलूंगा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तहसीलदार की मौजूदगी में JCB से गुप्त मार्ग ध्वस्त

लैलूंगा। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से उड़ीसा राज्य से अवैध धान के परिवहन की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार देर शाम महत्वपूर्ण कार्रवाई अंजाम दी। जानकारी के अनुसार, कुछ दलाल और बिचौलिए रात के अंधेरे में ‘गुप्त मार्ग’ का उपयोग कर ट्रैक्टर एवं पिकअप वाहनों से अवैध रूप से धान की खेप लैलूंगा क्षेत्र में ला रहे थे।

लगातार बढ़ रही शिकायतों और स्थानीय लोगों द्वारा दी गई जानकारी के बाद तहसील प्रशासन ने मौके का दौरा किया। जांच में कथित गुप्त मार्ग का उपयोग अवैध धान परिवहन के लिए होना पाया गया। उसके बाद तहसीलदार की सीधी मौजूदगी में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने JCB मशीन लगाकर उस मार्ग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, जिससे अवैध कारोबारियों के मंसूबों पर पानी फिर गया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह गुप्त मार्ग लंबे समय से अवैध धान परिवहन का प्रमुख रास्ता बना हुआ था। उड़ीसा से धान की आवक को रोकने के लिए कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद कुछ तथाकथित “प्रोफेशनल” तस्कर सक्रिय थे, जिनकी गतिविधियों पर अब लगाम कस दी गई है।

तहसीलदार ने कहा कि जिले की सीमा के भीतर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि किसी अन्य मार्ग या गतिविधि की शिकायत मिली तो और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार करने वाले बिचौलियों में हड़कंप फैल गया है, जबकि स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया। लोगों का कहना है कि ऐसी कार्रवाइयों से न केवल अवैध धान व्यापार पर रोक लगेगी बल्कि स्थानीय किसानों के हित भी सुरक्षित रहेंगे।


लोकमत 24 इस मामले पर लगातार नजर रखगा और आपको आगे की जानकारी देता रहेगा।
लैलूंगा अस्पताल में वसूली और भ्रस्टाचार की जानकारी देनें के लिए संपर्क करें |
प्रधानमंत्री आवास योजना में हो रहे भ्रष्टाचार और घूसघोरी की जानकारी देने के लिए संपर्क करें

शेयर करें

By Rakesh Jaiswal

Lokmat24 News  एक विश्वसनीय न्यूज़ प्लेटफॉर्म है जो आपको छत्तीसगढ़ की ताज़ा और सटीक ख़बरें प्रदान करता है। हमारा उद्देश्य सच्चाई को आप तक पहुंचाना है | Contact - 9424188025

Related Post